दरभंगा। अलीनगर मध्य विद्यालय परिसर में पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी लोगों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि दी। सभा को संभोधित करते हुए राजद के युवा नेता संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह दलित-शोषित और पिछड़ों की आवाज रहे हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाने के लिए उन्होंने मनरेगा की परिकल्पना की। वे जमीनी स्तर के नेता थे। उनकी कमी केवल बिहार को ही नहीं पूरे देश को खलेगी। उनकी कार्यकुशलता के लिए उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए।
राजद के युवा नेता संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि मनरेगा के शिल्पिकार रहे रघुवंश बाबू आजीवन जातिवाद से ऊपर उठकर सामाजिक न्याय की लड़ाई में लालू प्रसाद यादव के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। इसका अनुकरण हर व्यक्ति को अपने जीवन में करना चाहिए।
वहीं स्थानीय विधायक सह लोकलेखा समिति के अध्यक्ष अब्दुलबारी सिद्दीकी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा की रघुवंश बाबू सामाजिक न्याय के सच्चे नेता रहे हैं। उनके साथ कदम से कदम मिलाकर काम करने का जो सौभाग्य प्राप्त रहा कभी भुला नहीं पाएंगे।