दरभंगा। विद्वानों की धरती मिथिला। महाकवि विद्यापति से लेकर बहुत से विद्वान हुए। मिथिला पेंटिंग की पहचान तो देश-दुनिया में है। बहुत से कलाकारों को पद्मश्री मिल चुका है। कला के इन पुजारियों के अलावा अन्य कई प्रमुख लोग भी हैं, जो देशभर में क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे। इनमें अयोध्या के डीएम और डीआइजी भी शामिल हैं। राम मंदिर के भूमि पूजन में वेदाचार्य की भूमिका निभाने वाले पंडित भी हैं।
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में मिथिला की बड़ी भूमिका है। मधुबनी के बेटे अनुज कुमार झा अयोध्या के जिलाधिकारी हैं। इसके चलते वे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नॉमिनी मेंबर भी हैं। झझारपुर की सिमरा पंचायत के मझौरा गाव निवासी अनुज 2009 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। उनके पिता बद्री झा हिदुस्तान स्टील वर्क्स बोकारो से सेवानिवृत्त हैं। बेगूसराय जिले के रामदीरी नकटी निवासी सुमन प्रसाद सिंह के बड़े पुत्र व उत्तर प्रदेश कैडर के आइपीएस अधिकारी दीपक कुमार अयोध्या के डीआइजी हैं। वे रामलला की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे। इन्हें राम मंदिर के भूमि पूजन से पहले अयोध्या का डीआइजी बनाया गया था।