Bihar Assembly Election 2025: क्या राजद हासिल कर पाएगा केवटी में खोई जमीन? भाजपा ने लगा दी थी सेंध

tejwashi-yadavBihar Assembly Election 2025: दरभंगा जिले के केवटी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज है। 2020 में भाजपा के मुरारी मोहन झा ने राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी को हराया था। इस बार राजद को अपनी खोई सीट वापस पाने की चुनौती है। क्षेत्र में बाढ़, बंद चीनी मिल, पुल निर्माण और डिग्री कॉलेज जैसे मुद्दे अहम हैं। 2015 में राजद ने यहां जीत दर्ज की थी।

विजय कुमार राय, केवटी (दरभंगा)। Keoti Assembly seat 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बजते ही केवटी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिले की यह विधानसभा क्षेत्र मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

वर्ष 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में केवटी विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डा. मुरारी मोहन झा ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने आइएनडीआइए महागठबंधन समर्थित प्रत्याशी व राजद के कद्दावर नेता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी को शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया था।

वापसी की बड़ी चुनौती

दोनों प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर 5,126 रहा। इस बार समीकरण अलग है। ऐसे में इस बार राजद के सामने वापसी की बड़ी चुनौती है कि अपनी खोई हुई सीट पर कब्जा जमाना। 2015 में राजद और जदयू के बीच गठबंधन था और 2020 में भाजपा-जदयू के बीच गठबंधन हो गया।

इससे पहले 2005 और 2010 के विधानसभा चुनावों में भाजपा और जदयू साथ-साथ थे। दोनों बार सीट बंटवारें में यह सीट भाजपा के हिस्से में गई थी। बड़ी बात है कि तीन बार भाजपा प्रत्याशी ने इस सीट पर जीत भी हासिल की।

पहले कांग्रेस अब राजद का गढ़

लेकिन जब 2015 में जदयू ने भाजपा से मुंह मोड़कर राजद का साथ लिया तो भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक कुमार यादव को हार मिली। मालूम हो कि केवटी विधानसभा क्षेत्र को पहले कांग्रेस अब राजद का गढ़ कहां जाता है।

2015 के चुनाव में इस सीट पर 54 फीसद मतदान हुई और कुल 1,45,587 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन मतों में 47.14 फीसद यानी 68,601 मत राजद उम्मीदवार डा.फराज फातमी के हिस्से चले गए और उन्होंने भाजपा प्रत्याशी ( अब मधुबनी के सांसद) डा. अशोक कुमार यादव को 7830 मतों से हरा दिया था।

इस तरह डा.अशोक कुमार यादव ने केवटी विधानसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगाने से चूक गए। बहरहाल, 2015 में अशोक के हिस्से कुल 41.76 फीसद यानी 60,771 वोट आए थे।

केवटी की 26 और सिंहवाडा़ प्रखंड की 12 कुल 38 पंचायतों को मिलाकर बने इस विधानसभा में मतदाताओं की कुल संख्या 297255 है जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 157668 व महिला मतदाताओं की संख्या 139586 और मंगलामुखी मतदाताओं की संख्या एक है।

जबकि मतदान केंद्रों की संख्या 349 हैं। केवटी में बाढ़ का स्थायी निदान व बंद पड़ी रैयाम चीनी मिल एवं कोठिया पंचायत अंतर्गत वाजीदपुर ( शिव मंदिर ) कोठिया और टेकटार पथ में अधवारा समूह की बागमति नदी पर पुल निर्माण और केवटी में डिग्री कॉलेज की स्थापना एक अहम मुद्दा है।

बाढ़ की स्थायी निदान व बंद पड़ी रैयाम चीनी मिल को चालू एवं वाजीदपुर (शिव मंदिर) कोठिया और टेकटार पथ में अधवारा समूह की बागमती नदी पर पुल निर्माण और केवटी में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग लंबे समय से होती आ रही है। रैयाम चीनी मिल के चालू होने से क्षेत्र का विकास होगा। लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा। वहीं लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *